08 सितंबर 2025
08 सितंबर 2025

Snap Inc. में 14 साल

Snap के सीईओ इवान स्पीगल ने 8 सितंबर, 2025 को टीम के सदस्यों को निम्नलिखित नोट भेजा।

निर्णायक क्षण

अब, यहाँ पर, आपको वहीं टिके रहने के लिए पूरी ताकत से दौड़ना पड़ता है। अगर आप कहीं और पहुंचना चाहते हैं, तो आपको कम से कम दोगुनी रफ़्तार से दौड़ना होगा! — लुईस कैरोल, थ्रू द लुकिंग-ग्लास

प्रिय टीम,

साल की शुरुआत हमने अच्छी गति के साथ की, लेकिन दूसरी तिमाही में हमें चुनौतियों का सामना करना पड़ा, क्योंकि विज्ञापन रेवेन्यू में सालाना सिर्फ 4% की वृद्धि हुई। अच्छी बात यह है कि साल अभी खत्म नहीं हुआ है। हमारे पास एक बहुत बड़ा अवसर है जिससे हम अपनी गति को फिर से स्थापित कर सकते हैं और 2026 में पूरी तैयारी के साथ प्रवेश कर सकते हैं, जो कि Snap Inc. के इतिहास का सबसे अहम वर्ष साबित हो सकता है। हम एक बिलियन Snapchat यूज़र्स तक पहुंचने, दुनिया को Specs से परिचित कराने, और रिकॉर्ड रेवेन्यू जनरेट करने की दिशा में अग्रसर हैं जो कि डायरेक्ट रेवेन्यू (जैसे इन-ऐप खरीदारी और सब्स्क्रिप्शन) और विज्ञापन दोनों से आएगा। 2025 में Fortune 500 में शामिल होने के लिए न्यूनतम रेवेन्यू सीमा $7.4 बिलियन थी, और विश्लेषकों के अनुमान के अनुसार Snap 2025 में लगभग $6 बिलियन का रेवेन्यू हासिल कर सकता है। मतलब कि हम Fortune 500 का हिस्सा बनने के बेहद करीब हैं। संक्षेप में, आने वाला समय हमारे लिए कई नए अवसर लेकर आ रहा है।

Snap दुनिया की सबसे प्रतिस्पर्धी इंडस्ट्री में से एक में काम करता है। हमारे सबसे बड़े प्रतिस्पर्धी ट्रिलियन्स की वैल्यू के मालिक हैं, हर साल बिलियन्स की पूंजी में निवेश करते हैं, और उनके खिलाफ एकाधिकार विरोधी कानूनी मामले चल रहे हैं। हमें छोटे और तेज़ प्रतिस्पर्धियों का भी सामना करना पड़ता है, जो कम आधार से तेज़ी से विज्ञापन रेवेन्यू बढ़ा रहे हैं, उनके खर्च कम हैं और सकल मार्जिन ज़्यादा है। Snap वर्तमान में एक विशेष स्थान पर है, जहां उसके पास छोटे खिलाड़ियों की तुलना में काफी अधिक स्केल और एंगेजमेंट है, लेकिन हमारे बड़े प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले इसका स्केल और मार्केट पावर कम है। टेक दिग्गजों और छोटे प्रतिस्पर्धियों के बीच दबे हुए, महानता के कगार पर, हम खुद को एक निर्णायक क्षण में खड़ा पाते हैं। मुझे लगता है कि यह कुछ हद तक मिडल चाइल्ड होने जैसा है।

इस साल, अपने फोकस को मज़बूत करने और स्पष्टता बढ़ाने के लिए, हमने कंपनी के सामने आने वाली “मुख्य समस्याओं” पर काम करने के लिए कार्य समूह बनाए। उच्च स्तर पर, हमारी रणनीति सरल है: Snap की मुख्य ताकतों को मज़बूत करना और उन क्षेत्रों में तेज़ी लाना जहां हम अधिक विकास देख रहे हैं, और साथ ही हमेशा अपनी कम्युनिटी को प्राथमिकता देना। मोबाइल वीडियो और परफॉर्मेंस आधारित विज्ञापन अब तेज़ी से एक सामान्य सेवा बनते जा रहे हैं। ऐसे में हमें इस बात पर ध्यान देना होगा कि हमें दूसरों से अलग क्या बनाता है, ताकि हम अपनी कम्युनिटी से ज़्यादा जुड़ाव और विज्ञापनदाताओं से अधिक निवेश हासिल कर सकें, साथ ही मार्केटर्स के लिए Snapchat के उपयोग को सहज और परिचित अनुभव बनाएं। नीचे मुख्य समस्याओं और उनके समाधान के लिए उठाए जा रहे कदमों का संक्षिप्त विवरण दिया गया है। हालांकि हम अक्सर टीम के रूप में कुछ बेहद ज़रूरी चीज़ों को प्राथमिकता देने की ज़रूरत पर चर्चा करते हैं, सच यह है कि इस निर्णायक दौर से निकलने के लिए हमें बहुत सारी चीज़ें बहुत अच्छी तरह से करनी होंगी।

विज्ञापन आधारित रेवेन्यू

हम अपनी विज्ञापन वृद्धि को फिर से तेज़ करने जा रहे हैं जिसके लिए हम उन क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करेंगे जहां सबसे ज़्यादा अवसर हैं: मध्यम आकार के ग्राहक। यह एक ऐसा वर्ग है जहां हमारी पहुंच अभी भी आधे प्रतिशत से कम है, जहां ऐसे ग्राहक हैं जो हमारी सेवाओं के लिए सबसे उपयुक्त हैं, जो अक्सर बड़े खातों के समान स्तर पर खर्च करते हैं और लंबे समय तक जुड़े रहते हैं। व्यवसाय विकास से जुड़े हमारे प्रयासों से इस साल अब तक 2,000 से अधिक नए एक्टिवेशन्स प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें से प्रत्येक विक्रेता अमेरिका में औसतन लगभग $6 मिलियन के वार्षिक रेवेन्यू में योगदान दे रहा है। इन ग्राहकों के आधार पर अपने बिक्री कवरेज और प्रोडक्ट रोडमैप को पुनः संतुलित करने से, हमारे पास तेज़ी से विकास करने के लिए एक स्थायी रास्ता है।

साथ ही, हम अपने विज्ञापन प्लैटफ़ॉर्म की बुनियाद को और मज़बूत कर रहे हैं। पिछले एक साल में, हमने मार्केटप्लेस की गतिशीलता को स्थिर किया, tCPA v2 लॉन्च किया, और ऐप पावर पैक जारी किया, जिसमें स्पॉन्सर्ड Snaps और प्लेयेबल्स जैसे प्रदर्शन बढ़ाने वाले फीचर्स शामिल हैं। अमेरिका और भारत में अर्ली ऐप पावर पैक पायलट्स से ऐप इंस्टॉल्स में 25% वृद्धि और यूनिक कन्वर्टर्स में 18% की बढ़ोतरी हुई है। ये सुधार लोअर फनल में हमारी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को बढ़ा रहे हैं, जहां लगातार अच्छा प्रदर्शन विज्ञापनदाताओं का भरोसा जीतता है और अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराता है।

हमें इस बात पर भी ज़ोर देना होगा कि Snapchat को कौन-सी चीज़ अलग बनाती है। स्पॉन्सर्ड Snaps और प्रमोटेड प्लेसेज़ अनोखे और प्रभावशाली फॉर्मेट साबित हो रहे हैं। कैम्पेन में स्पॉन्सर्ड Snaps के शामिल होने से 22% तक अधिक कन्वर्ज़न और लगभग 20% कम CPA प्राप्त होते हैं। प्रमोटेड प्लेसेज़ ने प्रारंभिक टेस्टिंग में डबल-डिजिट विज़िटेशन वृद्धि प्रदर्शित की है, जिससे विज्ञापनदाताओं को बिल्कुल नया अवसर मिल रहा है। ये प्रोडक्ट इसलिए प्रभावी हैं क्योंकि ये Snapchat की प्रमुख प्रोडक्ट वैल्यू, संचार, मैप्स और दोस्त, के आधार पर बनाए गए हैं।

वैश्विक डिजिटल विज्ञापन मार्केट में हमारा हिस्सा 1% से कम है, जो हर साल 13% की दर से बढ़ रहा है, जिसका मतलब है कि अवसर बहुत बड़ा है। उस अंतर को कम करने के लिए हमें लोअर फनल के उद्देश्यों पर लगातार काम करना होगा, स्पॉन्सर्ड Snaps जैसे विशिष्ट फॉर्मेट्स के साथ ब्रांड के निवेश को दोबारा सक्रिय करना होगा, थर्ड-पार्टी मेज़रमेंट को बेहतर बनाना होगा, और अपनी नई “से इट इन ए Snap” कथा के माध्यम से एक प्रभावशाली कहानी प्रस्तुत करनी होगी। और इसके लिए रैंकिंग, क्रिएटिव जनरेशन, और पर्सनलाइज़ेशन में समय के साथ प्रदर्शन बढ़ाने के लिए AI में निवेश जारी रखना ज़रूरी है। यदि हम विश्वास के साथ कार्य करें, तो हम अपने स्केल और विशिष्टता को स्थायी और मार्केट से बेहतर विकास में बदल सकते हैं।

डायरेक्ट रेवेन्यू

हम नए, प्रीमियम फीचर्स और अधिक प्रभावी मर्चेंडाइज़िंग के साथ Snapchat+ का विस्तार करके अपने डायरेक्ट रेवेन्यू प्रयासों में तेज़ी ला रहे हैं। हम लाइवस्ट्रीमिंग शुरू करने और ऐसे नए टूल्स लॉन्च करने की योजना बना रहे हैं, जो क्रिएटर्स को अपने प्रमुख फैन्स के साथ गहरे संबंध बनाने में मदद करेंगे। 15 मिलियन से ज़्यादा सब्सक्राइबर्स और $700 मिलियन से अधिक ARR के साथ, डायरेक्ट रेवेन्यू Snap के सबसे तेज़ी से बढ़ते अवसरों में से एक बन चुका है। मज़बूत पेमेंट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर, बेहतर लाइफसाइकल मैनेजमेंट, और क्रिएटर मोनेटाइज़ेशन टूल्स में निवेश करके, हम डायरेक्ट रेवेन्यू को Snap के लिए एक स्थायी, मल्टी-बिलियन डॉलर ग्रोथ ड्राइवर बना सकते हैं जो कि हमारी कम्युनिटी की सर्वोच्च प्राथमिकताओं पर आधारित है: दोस्ती, क्रिएटिविटी और आत्म-अभिव्यक्ति।

सकल मार्जिन

हमारा सकल मार्जिन 52% है, जो हमारे कई प्रतिस्पर्धियों से काफी कम है। इसका मुख्य कारण है हमारे रेवेन्यू में इन्फ्रास्ट्रक्चर लागत का अधिक हिस्सा और वह बड़ा भाग जो हम क्रिएटर्स, पब्लिशर्स और प्लैटफ़ॉर्म्स के साथ शेयर करते हैं। इस अंतर को कम करने के लिए, हम ऐसे उपायों पर ध्यान दे रहे हैं जो दक्षता बढ़ाने, लागत घटाने और हमारे मुख्य प्रोडक्ट्स के साथ ग्राहकों के गहरे जुड़ाव से बेहतर कमाई करने में सहायक होंगे। इन्फ्रास्ट्रक्चर के मामले में हमारा लक्ष्य है कि 2025 से 2026 तक खर्च को स्थिर रखा जाए, जिसके लिए हम कंप्यूट और मशीन लर्निंग के उपयोग को बेहतर बना रहे हैं, और विभिन्न फीचर्स की दीर्घकालिक कमाई की क्षमता के आधार पर सेवा लागत को एडजस्ट कर रहे हैं। कंटेंट के मामले में, जैसे-जैसे हम क्रिएटर्स के लिए डायरेक्ट रेवेन्यू कमाने और ब्रांड्स के साथ साझेदारी करने के लिए नए टूल्स ला रहे हैं, हम क्रिएटर्स और पब्लिशर्स के साथ अपनी रेवेन्यू शेयरिंग व्यवस्थाओं को विकसित कर रहे हैं ताकि हमारी कम्युनिटी की अनोखी क्रिएटिविटी को स्थायी रूप से सम्मानित किया जा सके। और पेमेंट्स के मामले में, हम अपना फर्स्ट-पार्टी वॉलेट बनाकर प्लैटफ़ॉर्म फ़ीस को कम करने का अवसर देख रहे हैं, जिससे अंततः काफी बचत हो सकती है। हमारा मानना है कि ये प्रयास सकल मार्जिन में कई प्रतिशत अंकों का सुधार कर सकते हैं, जिससे 60% सकल मार्जिन का लक्ष्य प्राप्त होगा और हमें कम्युनिटी में निरंतर निवेश करते हुए लाभप्रद विस्तार के लिए एक मज़बूत आधार मिलेगा।

विकास और एंगेजमेंट

हमारा लक्ष्य है कि हम 2026 तक एक बिलियन मासिक एक्टिव यूज़र्स तक पहुंचें, और इसके लिए ज़रूरी है कि हम आज की अपनी स्थिति को सही तरीके से समझें। हमारी पहुंच अमेरिका सहित 20 से अधिक देशों में 13 से 34 वर्ष की उम्र के 75% से अधिक युवाओं तक है, लेकिन उत्तरी अमेरिका में विकास धीमा रहा है, जहां दूसरी तिमाही में दैनिक एक्टिव यूज़र्स सालाना 2% कम होकर 98 मिलियन रह गए हैं।

दुनिया भर में कंटेंट एंगेजमेंट लगातार बढ़ रही है, लेकिन उत्तरी अमेरिका में फ़्रेंड स्टोरीज़ में कमी से हम चुनौतीपूर्ण स्थिति का सामना कर रहे हैं, जिसे स्पॉटलाइट की पर्याप्त वृद्धि से अभी तक संतुलित नहीं किया जा सका है। पहले के समय में, फ़्रेड स्टोरीज़ हमारी सबसे ज़रूरी बातचीत की शुरुआत का साधन होती थीं, जो स्टोरी के रिप्लाई को चैट में और चैट को गहरी दोस्ती में बदलने का कारण बनती थीं। लेकिन आज, बातचीत बढ़ाने के नए तरीके अपनाए जा रहे हैं, जैसे स्पॉटलाइट से कंटेंट शेयर करना।

हमें यह बदलाव पूरी तरह अपनाना होगा। इसका मतलब है कि हमें अपने रैंकिंग सिस्टम को इस तरह एडजस्ट करना होगा कि शेयरिंग और बातचीत को प्राथमिकता दी जाए, दोस्तों के साथ गेम्स खेलने और लेंस रिमिक्स करने के नए तरीके विकसित किए जाएं, और स्पॉटलाइट को आसानी से स्टोरीज़ और चैट में शेयर करना संभव बनाया जाए। हमारा लक्ष्य सिर्फ व्यू टाइम बढ़ाना नहीं है, बल्कि संचार के फ्लाईव्हील को आगे बढ़ाना है यानी ऐसा कंटेंट शेयर करना जो बातचीत की शुरुआत करे, वह बातचीत जो दोस्ती को मज़बूत बनाए, और वह दोस्ती जो क्रिएटिविटी को जन्म दे।

हम स्पॉटलाइट को बेहतर बनाने के लिए काफी ज़्यादा निवेश कर रहे हैं, जैसे असली Snapchat यूज़र्स के लिए पोस्ट करने और खोजे जाने में मदद करने के लिए बेहतर टूल्स से लेकर बड़े और स्मार्ट मॉडल्स जिससे स्पॉटलाइट ट्रेंड्स और नए क्रिएटर्स को बेहतर तरीके से पहचान सके, साथ ही हाई प्लेबैक क्वालिटी जो प्रतिस्पर्धियों से बेहतर हो, और जेनरेटिव रिकमेंडेशन्स पर रिसर्च करना। हमने हाल ही में स्ट्रीमिंग लॉगजॉइन फीचर जारी किया है, जिससे शुरुआत से अंत तक की देरी में दो घंटे की कमी आई है और पसंदीदा कंटेंट में बढ़ोतरी हुई है। हमने डायनामिक एम्बेडिंग्स को शुरू किया है, जिससे मॉडल के साइज़ पर लगी तकनीकी सीमाएं हट गई हैं और अब ज़्यादा स्केलेबिलिटी हो सकती है। इन उपलब्धियों का मतलब है कि हमारे कंटेंट सिस्टम अब लगातार अपडेट हो सकते हैं, और अब कई दिनों की देरी के बजाय दो घंटे के ट्रेनिंग साइकल्स संभव हैं।

इससे कंटेंट का अनुभव और भी ज़्यादा जीवंत लगेगा, जहां मौजूदा क्रिएटर्स, ट्रेंड्स और खास पलों को तुरंत लोगों तक पहुंचाया जाएगा। और सबसे अहम बात, हम असली क्रिएटर्स को प्रमुखता दे रहे हैं यानी वे करोड़ों Snapchat यूज़र्स जो हर दिन हमारे कैमरा से अपने असली और अनोखे नज़रिए को शेयर करते हैं। इन क्रिएटर्स को ब्रॉडर ऑडिएंस से जोड़कर, हम Snapchat को ज़्यादा प्रासंगिक, जुड़ावभरा और लाभकारी बना सकते हैं।

साथ ही, हम ऐसे नए फीचर्स विकसित कर रहे हैं जो बातचीत की शुरुआत को आसान बनाएंगे, जैसे स्टेटस अपडेट्स, फ्लैशबैक्स, टॉपिक्स और गेम्स, ताकि Snapchat यूज़र्स के पास एक-दूसरे से जुड़ने के और भी ज़्यादा कारण हों और कनेक्ट करने के मज़ेदार तरीके भी मिलें।

दुनियाभर में नए Snapchat यूज़र्स के साथ हमारे पास आगे बढ़ने की बहुत ज़्यादा संभावनाएं हैं। Snapchat पर नए यूज़र्स की संख्या बढ़ाने के लिए हमें यह और स्पष्ट रूप से बताना होगा कि Snapchat अपने असली दोस्तों से जुड़े रहने का सबसे तेज़, सबसे आसान और सबसे मज़ेदार तरीका है। इसका मतलब है Snapchat की स्टोरी को और ज़ोरदार कैम्पेन जैसे 'से इट इन ए Snap' के ज़रिए पेश करना, खेल और संगीत जैसे सांस्कृतिक आयोजनों में इसकी मौजूदगी को बढ़ाना, और यह साफ तौर पर दिखाना कि असली दोस्त सबसे पहले Snapchat पर ही जुड़ते हैं।

AI की दुनिया

Snapchat शायद दुनिया की सबसे बड़ी AI-आधारित वीडियो और इमेज जनरेशन और एडिटिंग सेवाओं में से एक है, जहां लोग प्रतिदिन 8 बिलियन से अधिक बार लेंस का उपयोग करते हैं। जहां बुनियादी तकनीक धीरे-धीरे सामान्य होती जा रही है और ओपन सोर्स का विस्तार हो रहा है, वहीं ग्राहक के साथ संबंध बनाना और भी ज़रूरी होता जा रहा है।

यही हमारा अवसर है। Snapchat उन चुनिंदा जगहों में से एक है जहां AI को आपकी दोस्ती, Snaps और बातचीत में सहज रूप से जोड़ा जा सकता है। हमारी कोशिश सिर्फ AI को और ज़्यादा स्मार्ट बनाने की नहीं है। हम चाहते हैं कि यह और ज़्यादा निजी, सामाजिक और मज़ेदार बने। हमारा उद्देश्य है कि AIआपके रिश्तों की जगह न ले, बल्कि उन्हें और गहरा बनाए।

इसे हासिल करने के लिए हम पांच अहम पहलुओं पर ध्यान दे रहे हैं: सबसे पहले, हम ऐसा पार्टनर प्लैटफ़ॉर्म बना रहे हैं जो AI एजेंट्स के लिए Snap को एक आसान और उपयोगी चैनल बना दे। दूसरी बात, हम पर्सनलाइज़ेशन लेयर को विकसित कर रहे हैं, और ऐसे अनुभव तैयार कर रहे हैं जो Snapchat पर इंटरैक्शन से सीख लेकर दोस्ती को और मज़बूत बनाएं और जुड़ाव को और गहरा करें। तीसरी बात, हम सब्स्क्रिप्शन्स के ज़रिए डायरेक्ट रेवेन्यू उत्पन्न करेंगे, जिससे लोगों को लेंस+ और प्रीमियम बंडल्स के माध्यम से प्रीमियम AI टूल्स का एक्सेस मिल सकेगा। चौथी बात, हम स्पॉन्सर्ड AI Chats लॉन्च करेंगे ताकि लोग ब्रांड्स के AI टूल्स को सीधे चैट में आज़मा सकें। अंत में, हम सोशल AI अनुभवों में निरंतर नए विचार शामिल करेंगे, जिससे दुनिया जान पाएगी कि जब AI केवल एक सोलो टूल नहीं बल्कि आपके दोस्तों के साथ शेयर करने वाला अनुभव हो, तो क्या-क्या संभव है।

एंटरप्राइज़ स्तर पर, हमारी रणनीति जेनरेटिव AI टूल्स के साथ प्रयोग से ऐसे व्यापक और प्रभावी उपयोग की दिशा में बढ़ रही है जो हमारे काम करने के तरीके को पूरी तरह बदल देगा। हालांकि टीम द्वारा ChatGPT और Gemini जैसे टूल्स का उपयोग तेज़ी से बढ़ा है और कोड असिस्ट जैसे वर्कफ़्लो-विशिष्ट पायलट्स में शुरुआती सफलता मिली है, लेकिन असली अवसर हमारे बिज़नेस के केंद्र में ऑटोमेशन, एजेंटिक वर्कफ़्लो और AI-आधारित सुधार को शामिल करने में है। हमारी प्राथमिकता है कि हम चार मुख्य क्षेत्रों—इंजीनियरिंग, सेल्स, ट्रस्ट एंड सेफ्टी, तथा कस्टमर सपोर्ट—पर विशेष ध्यान दें, जहाँ AI पहले से ही ठोस इम्पैक्ट दिखा रहा है।

इंजीनियरिंग में प्रगति देखी जा रही है, जहां AI अब लगभग एक चौथाई कोड जेनरेट कर रहा है और नए एजेंटिक इन्फ्रास्ट्रक्चर पर काम चल रहा है ताकि डेवलपर की उत्पादकता को और बढ़ाया जा सके। सेल्स में, हम मैनुअल प्रक्रियाओं को कम करना शुरू कर रहे हैं, बेहतर जानकारी प्रदान कर रहे हैं, और ऐसे ग्राहक सेवा एजेंट्स का परीक्षण कर रहे हैं जो विज्ञापनदाताओं की मदद को आसान बनाते हैं। ट्रस्ट एंड सेफ्टी AI का उपयोग करके प्रतिक्रिया समय को काफी कम कर रहा है, मॉडरेशन प्रक्रिया को रिएक्टिव से प्रोएक्टिव बना रहा है, और समीक्षा कार्यों का आधे से अधिक हिस्सा ऑटोमेट कर रहा है, साथ ही सटीकता और सुरक्षा के मानक बनाए रखे जा रहे हैं। कस्टमर सपोर्ट में ऑटोमेशन का उपयोग 3% से बढ़कर 67% हो गया है, जिससे टीम के सदस्य महत्वपूर्ण कार्यों पर ध्यान दे पा रहे हैं और प्रतिक्रिया समय काफी कम हो गया है। अल्पकालीन उत्पादकता लाभों को प्लैटफ़ॉर्म, स्किल्स और इन्फ्रास्ट्रक्चर में दीर्घकालीन निवेश के साथ मिलाकर, हम एक ऐसा संचालन मॉडल विकसित कर रहे हैं जो AI को मूल केंद्र बनाकर स्केल कर सके।

साथ ही, हम AI टूल्स के साथ तेज़ी लाने की चाह रखने वाली टीमों और सुरक्षा विभाग के बीच टकराव का अनुभव कर रहे हैं। हालांकि Snap को हालिया सेल्सलॉफ्ट ड्रिफ्ट घटना में कोई नुकसान नहीं हुआ, हमलावरों ने ड्रिफ्ट–सेल्सलॉफ्ट इंटीग्रेशन के ज़रिए सैकड़ों संगठनों के OAuth टोकन चोरी कर लिए, जिससे ग्राहक सहायता मामलों का डेटा और संपर्क जानकारी हासिल की गई। AI इंटीग्रेशन के साथ हमें इस तरह के जोखिमों का सामना करना पड़ता है: बड़े भाषा मॉडल कोड और डेटा को जोड़ते हैं, जिससे वे प्रॉम्प्ट इंजेक्शन के प्रति संवेदनशील हो जाते हैं, जो कि गोपनीय क्रेडेंशियल्स लीक कर सकते हैं। इसके बाद के प्रभाव, जैसे सिस्टम का प्रभावित होना, लेटरल मूवमेंट, और व्यापारिक रहस्यों का खुलासा, समान हो सकते हैं। हम मज़बूत सुरक्षा उपाय लागू कर रहे हैं और एक स्पष्ट रूपरेखा तैयार कर रहे हैं जिससे यह तय किया जा सके कि क्या ठीक है, क्या सावधानी से किया जाना चाहिए, और क्या बहुत जोखिम भरा है, ताकि टीमें तेज़ी से और सुरक्षित रूप से काम कर सकें।

ट्रस्ट एंड सेफ्टी

हमारी इंडस्ट्री के इतिहास के सबसे सख्त नियमों के बीच, हमारी कम्युनिटी का भरोसा सबसे अहम है। दुनिया भर में ऑनलाइन सेवाओं और उन पर लागू नियमों की समीक्षा हो रही है, जिसमें विशेष ध्यान आयु सत्यापन, अभिभावक की सहमति, डेटा उपयोग, एल्गोरिदम की पारदर्शिता, और इंटरनेट कंपनियों के संचालन के लिए कानूनी आधारों पर केंद्रित है। ये दबाव अक्सर एक-दूसरे को बढ़ावा देते हैं, जिससे ऐसा माहौल बनता है जहां हर प्रोडक्ट निर्णय की गहन समीक्षा की जाती है।

हमारा जवाब स्पष्ट और सकारात्मक होना चाहिए। हम Snapchat यूज़र्स की सुरक्षा और गोपनीयता बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं ताकि भरोसा मज़बूत हो सके, साथ ही Snapchat को सरल और परिचित बनाए रखा जा सके। साथ ही, हम कोर्ट दृढ़ता से अपनी रक्षा कर रहे हैं, और यूरोप के डिजिटल सर्विसेज़ एक्ट जैसे नए नियमों पर स्पष्टता और सतर्कता के साथ नियामकों के साथ संपर्क बना रहे हैं।

इन चुनौतियों से यह स्पष्ट होता है कि स्थिरता और मज़बूती कितनी ज़रूरी है। जिस तरह हम मार्केटप्लेस की स्थिरता और प्रोडक्ट इनोवेशन के माध्यम से विज्ञापनदाताओं के साथ भरोसा कायम कर रहे हैं, उसी तरह हमें नीति निर्माताओं, अभिभावकों और अपनी कम्युनिटी को भी यह दिखाना होगा कि Snapchat सुरक्षित और टिकाऊ बना हुआ है। ऐसा करके हम न केवल जोखिम को कम करते हैं, बल्कि अपने ब्रांड की दीर्घकालिक विश्वसनीयता को भी मज़बूत करते हैं, ताकि Snap कम्युनिटी का भरोसेमंद पार्टनर और विज्ञापनदाताओं एवं क्रिएटर्स के लिए एक पसंदीदा प्लैटफ़ॉर्म बना रहे।

विश्वसनीयता और परफॉर्मेंस

पिछली कुछ तिमाहियों के दौरान हमें विश्वसनीयता से जुड़ी कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ा है, जिन्होंने यह स्पष्ट किया कि हमारी कम्युनिटी और पार्टनर्स के लिए बेहतर परफॉर्मेंस कितनी ज़रूरी है। यहां तक कि थोड़े समय की रुकावट भी लाखों लोगों को प्रभावित कर सकती है और विज्ञापनदाताओं के लिए निराशा का कारण बन सकती है। हमारे स्केल पर, छोटी समस्याएँ बहुत तेज़ी से बड़ी बन सकती हैं, यही कारण है कि हम इस पर गंभीरता से ध्यान दे रहे हैं कि अपने प्रोडक्ट्स को कैसे शिप किया जाए और सुरक्षित रखा जाए।

हम इन समस्याओं का डटकर सामना कर रहे हैं। Snap की टीमें, पुराने और जटिल सिस्टम्स जैसे नोटिफिकेशन सेवा को पूरी तरह से नए सिरे से तैयार कर रही हैं, हमारे iOS ऐप को नेटिव कैमरा जितनी स्पीड से खोलने लायक बनाया जा रहा है, सुपर-रेज़ॉल्यूशन को सपोर्ट करने वाला नया प्लेबैक इंजन बना रही हैं, और कई विज्ञापन रैंकिंग मॉडल्स को मिलाकर स्थिरता और स्पीड को बेहतर बना रही हैं। हम एक यूनिफाइड सेफ रोलआउट प्रोग्राम भी लागू कर रहे हैं, जिससे जोखिमपूर्ण बदलाव प्रोडक्शन में आने से रोके जा सकें, सेवा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नए ऑप्स प्रोग्राम लागू कर रहे हैं, और AI आधारित रनबुक्स का उपयोग कर रहे हैं ताकि इंजीनियर घंटों की बजाय कुछ ही मिनटों में समस्याओं की पहचान कर सकें।

लेकिन यह सिर्फ टूलिंग तक ही सीमित नहीं है। यह संस्कृति के बारे में है। हम हर रोडमैप में विश्वसनीयता से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दे रहे हैं, Sev-1 और Sev-2 घटनाओं की कार्यकारी समीक्षा आयोजित कर रहे हैं, और संचालन उत्कृष्टता को परफॉर्मेंस और प्रमोशन के मूल्यांकन में शामिल कर रहे हैं। लीडर्स से उम्मीद की जाती है कि वे सेवा में रुकावट और कार्यक्षमता में कमी से जुड़े मामलों के हर पहलू को समझें। और हम अपने ग्राहकों के नज़रिए से सोचते हुए, कम क्षमता वाले Android फोन पर ज़्यादा सक्रिय रूप से आंतरिक परीक्षण कर रहे हैं, जहां हमारा दैनिक अनुभव पिछड़ता रहा है।

विश्वसनीयता और परफॉर्मेंस में हमारा लक्ष्य स्पष्ट है: Snapchat को हर बार खोलने पर तुरंत और बिना किसी परेशानी के उपयोग करना। 2026 में, हम कोर सिस्टम्स का पुनर्लेखन पूरा कर लेंगे, Tier-0 सेवाओं में सेफ-रोलआउट कवरेज को 100% तक बढ़ाएँगे, सभी महत्वपूर्ण ML मॉडल्स के लिए फ्रेशनेस SLA लागू करेंगे, और घटनाओं में कमी तथा परफॉर्मेंस में सुधार के लिए स्पष्ट लक्ष्य तय करेंगे। विश्वसनीयता अक्सर सुर्खियों में नहीं रहती, लेकिन यही वह आधार है जिस पर सब कुछ टिका होता है यानी विज्ञापनदाताओं के भरोसे से लेकर दोस्तों के साथ रोज़मर्रा की बातचीत तक।

स्टार्टअप एनर्जी, स्टार्टअप स्केल

जब हमने Snap की शुरुआत की थी, तब हम कुछ ही लोग थे जो मेरे पिता के भोजन कक्ष में थे और तेज़ी से यह साबित करने में लगे थे कि अस्थायीपन और कैमरा-फर्स्ट डिज़ाइन लोगों को अपनी भावनाएं जताने और मज़बूत रिश्ते बनाने में मदद करता है। उसी जोश और तेज़ी से आगे बढ़ने की चाहत, जोखिम उठाने का साहस, और असंभव को संभव बनाने के जुनून से ही हम अपने दस गुना बड़े प्रतिस्पर्धियों और दस गुना ज़्यादा निडर स्टार्टअप्स से मुकाबला कर सकते हैं।

हमारे मौजूदा स्टॉक प्राइस में संदेह झलकता है। इस मूल्यांकन पर, स्टार्टअप जैसे रिटर्न की संभावना है। मगर किसी शुरुआती चरण की कंपनी के विपरीत, हम 5,000 लोगों की एक टीम हैं जो रोज़ाना लगभग पचास करोड़ यूज़र्स को सेवा दे रही है। इसका मतलब है अत्यधिक ज़िम्मेदारी। कोड की प्रत्येक लाइन, प्रत्येक बिक्री कॉल, प्रत्येक मिनट, प्रत्येक दिन महत्वपूर्ण है।

हम अपनी कुछ बड़ी नई योजनाओं को लेकर संगठन का एक नया तरीका आज़माने जा रहे हैं। Snap के अंदर पांच से सात टीमें होंगी, हर टीम में 10 से 15 लोग होंगे और ये टीमें स्टार्टअप्स की तरह चलेंगी। हर टीम का नेतृत्व एक ऐसा व्यक्ति करेगा जो परिणामों के लिए ज़िम्मेदारी होगा। हर हफ्ते डेमो सेशन, 90 दिनों की मिशन साइकल्स, और फास्ट फेलियर का कल्चर हमें लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। हमारी प्लैटफ़ॉर्म टीमें सहायता प्रदान करेंगी, स्क्वाड्स को तेज़ी से सुरक्षित शिपिंग के लिए टूलकिट्स और मार्गदर्शन प्रदान करेंगी।

हम पहले ही यह देख चुके हैं कि यह कैसा होता है। Snapchat+ एक छोटे, क्रॉस-फंक्शनल स्क्वाड के रूप में शुरू हुआ, जिसने तेज़ी से काम किया और जल्द ही लॉन्चिंग की। तीन साल से भी कम समय में, यह शून्य सबस्क्राइबर्स से लगभग भुगतान करने वाले 15 मिलियन सबस्क्राइबर्स और करीब $700 मिलियन ARR तक बढ़ गया है, जो अब हमारी अतिरिक्त रेवेन्यू वृद्धि के आधे से अधिक हिस्से का स्रोत है। यही मॉडल है: Snap के भीतर एक स्टार्टअप जो हमारे ब्रांड, वितरण और इन्फ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल करता है, और जिसे फोकस, ज़िम्मेदारी और मेहनत से ऊर्जा मिलती है। अब हमें वह ऊर्जा Snap के हर हिस्से में फैलानी होगी। कोई भी हमें हमारा भविष्य तैयार करके नहीं देगा। हमें इसके लिए मेहनत करनी होगी।

अगर आप 9 से 5 की नौकरी चाहते हैं, तो आपके लिए कई कंपनियां मौजूद हैं। लेकिन अगर आप ऐसी टीम का हिस्सा बनना चाहते हैं जहां हर सदस्य की अहमियत हो, जहां संभावित लाभ बहुत बड़े हों लेकिन काम मुश्किल हो, जहां ज़िम्मेदारी अधिक हो लेकिन इनाम बेहद खास हों, तो वह जगह है Snap. हमारे पास प्लैटफ़ॉर्म, वितरण प्रणाली, डेटा, और वह सोच है जिससे हम पर्सनल कंप्यूटिंग को पूरी तरह से नया रूप दे सकते हैं। अब हमें इसे साबित करना है।

स्पैक्स

एक दशक से ज़्यादा समय से हम एक नए प्रकार का कंप्यूटर तैयार कर रहे हैं, जो डेस्क पर या आपकी जेब में नहीं रहता, बल्कि एक चश्मे के अंदर बनाया गया है। स्पेक्स हमारी उस सोच का हिस्सा हैं जो कंप्यूटिंग को मनुष्य के लिए अधिक स्वाभाविक बनाना चाहती है। ये स्क्रीन से आपका ध्यान हटाते हैं, डिजिटल और वास्तविक दुनिया को एक साथ जोड़ते हैं, और आपको कंप्यूटिंग से उसी तरह संवाद करने की सुविधा देते हैं, जैसे आप अपने हाथों और आवाज़ से दुनिया से करते हैं।

स्पेक्स की आवश्यकता अब अत्यंत ज़रूरी हो गई है। लोग प्रतिदिन सात घंटे से भी ज़्यादा समय स्क्रीन के सामने बिताते हैं। AI हमारे काम करने के तरीके को बदल रहा है, यह हमें फाइलों और ऐप्स को बारीकी से मैनेज करने से हटाकर एजेंट्स की निगरानी करने की दिशा में ले जा रहा है। और भौतिक वस्तुएं बनाना अब बहुत महंगा होता जा रहा है। स्पेक्स सभी तीनों चुनौतियों का समाधान प्रस्तुत करते हैं: आंखों से ऊपर कंप्यूटिंग, एक नया AI-आधारित ऑपरेटिंग सिस्टम जो आपके संदर्भ को समझता है, और भौतिक वस्तुओं के स्थान पर फोटॉन्स का उपयोग, जिससे कचरा कम हो जाता है और डिजिटल वस्तुओं की एक नई, विशाल अर्थव्यवस्था की शुरुआत होती है।

स्पेक्स का उद्देश्य आज के फोन ऐप्स को जबरन एक चश्मे में फिट करना नहीं है। ये ऐप आधारित सोच से हटकर AI-केंद्रित, निजी, संदर्भित और साझा अनुभव की दिशा में बदलाव हैं। सोचिए कि सिर्फ बोलने पर पिछले सप्ताह का दस्तावेज़ आपके सामने आ जाए, आप एक बड़े, साफ और प्राइवेट डिस्प्ले पर फिल्म देख सकें जिसे केवल आप देख पाएं, या अपने साथी के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर 3D प्रोटोटाइप की समीक्षा कर सकें। सोचिए कि आपके बच्चे वर्चुअल शरीर से बायोलॉजी पढ़ रहे हों, या आपके दोस्त असली टेबल पर वर्चुअल बोर्ड के साथ शतरंज खेल रहे हों। स्पेक्स कंप्यूटिंग को सोशल बनाते हैं क्योंकि वे असली दुनिया में साझा अनुभव प्रदान करते हैं।

स्पेक्स एक बहुत बड़ा बिज़नेस अवसर भी प्रस्तुत करते हैं। स्पेक्स का एक पेयर कई स्क्रीन की जगह ले सकता है। हमारा ऑपरेटिंग सिस्टम, जो संदर्भ और मेमोरी के आधार पर पर्सनलाइज़ होता है, समय के साथ अपनी उपयोगिता बढ़ाता है। स्पेशियल लेंस से लेकर वर्चुअल टूल्स तक की डिजिटल वस्तुओं के मार्केटप्लेस की अतिरिक्त लागत लगभग न के बराबर है और यह वैश्विक स्तर पर उपलब्ध है। स्पेक्स की मदद से हम स्मार्टफोन की सीमाओं को पार करते हैं, कड़ी प्रतिस्पर्धा से बाहर निकलते हैं, और मानव-केंद्रित कंप्यूटिंग की एक अनूठी परिवर्तन प्रक्रिया की ओर बढ़ते हैं।

निर्णायक क्षण

हमारी शेयर प्राइस परफॉर्मेंस ने अभी तक हमारे बिज़नेस की पूरी क्षमता को दर्शाया नहीं है, फिर भी हमारे लिए आगे बढ़ने का रास्ता साफ है। हमें रेवेन्यू की बढ़ोतरी को दोबारा तेज़ करना होगा, ग्रॉस मार्जिन बेहतर बनाना होगा, तथा अपनी कम्युनिटी और जुड़ाव में वृद्धि करके लंबी अवधि की संभावनाओं को बढ़ाना होगा। नेट इनकम में लाभ प्राप्त करना, स्टॉक आधारित मुआवज़े से उत्पन्न होने वाले डिल्यूशन जोखिम को कम करेगा और हमारे शेयर प्राइस को मज़बूत आधार प्रदान करेगा। ये हमारे निर्णायक क्षण के तथ्य हैं।

लेकिन Snap की पहचान सिर्फ तथ्यों तक सीमित नहीं है। हमारी असली पहचान हमारे संघर्षों से नहीं, बल्कि उन्हें एक साथ मिलकर झेलने के तरीके से बनती है। हर बार जब लोगों ने हम पर संदेह किया, हर बार जब हमें कम आंका गया, हम हर बार पहले से बेहतर होकर सामने आए। हमने हमेशा अपने मूल्यों यानी दया, समझदारी और रचनात्मकता को अपनाए रखा, तभी हम यह हासिल कर पाए। यही जज़्बा हर टीम में, कोड की हर लाइन में और हर Snap के अंदर मौजूद है।

यह क्षण सिर्फ टिके रहने के बारे में नहीं है। यह क्षण इस बात को साबित करने के बारे में है कि तकनीक निर्माण का एक अलग तरीका, जो दोस्ती को गहरा करता है और रचनात्मकता को बढ़ावा देता है, उस दुनिया में भी कामयाब हो सकता है जो अक्सर इसके विपरीत चीज़ों को बढ़ावा देती है।

हम 932 मिलियन लोगों की कम्युनिटी को सेवा प्रदान कर रहे हैं। हमारे पास भविष्य की योजना है। और सबसे बड़ी बात, हम सब साथ हैं।

आगे का सफर आसान नहीं होगा। लेकिन जब मैं उस टीम के बारे में सोचता हूँ जिसके साथ मैं रोज़ काम करता हूँ, और आपकी मेहनत, आपकी प्रतिभा और आपकी उदारता को देखता हूँ, तो मुझे यकीन है कि हम इस चैलेंज को पार कर पाएंगे। निर्णायक क्षण में ही ताकत का निर्माण होता है। हम साथ मिलकर न सिर्फ और मज़बूत होंगे, बल्कि पर्सनल कंप्यूटिंग के भविष्य को नई दिशा देने के लिए भी तैयार रहेंगे।

हमारे मिशन पर भरोसा करने और पूरे मन से योगदान देने के लिए आपका धन्यवाद। मैं आप सभी के साथ Snap बनाने पर गर्व और सम्मान महसूस कर रहा हूं, साथ ही आपका आभारी भी हूं।

— इवान

न्यूज़ पर वापस जाएं

संपर्क में रहें

प्रेस से संबंधित अनुरोधों के लिए, press@snap.com पर ईमेल करें
अन्य सभी पूछताछ के लिए, कृपया हमारी सहायता साइट पर जाएं।